सपा एवं कांग्रेस द्वारा लखनऊ विधानसभा के सामने प्रदर्शन

लखनऊ। उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता की केरोसिन डालकर जलाई गई बिटिया की मौत के बाद आम लोगों में गम और गुस्सा दोनों है। इसको लेकर सियासी हंगामा भी हो गया। विपक्ष के नेताओं ने यूपी की योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए सरकार से जल्द इंसाफ की मांग की है। उधर लखनऊ में भाजपा मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने हंगामा काटा तो पुलिस ने लाठियां फटकार उन्हें खदेड दिया। सपा मुखिया अखिलेश यादव विधानसभा के सामने धरने पर बैठ गए। सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरोपी भाजपा से जुड़े हैं, इसलिए सरकार ने कार्रवाई नहीं की। अखिलेश के जाते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय पर हल्ला बोल दिया। कुछ कार्यकताओं ने विधानसभा के सामने प्रदर्शन कर दिया। इस पर पुलिस ने हत्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ा। इसी बीच दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए प्रियंका वाड्रा उन्नाव पहुंची। वहां उन्होंने परिवारीजन से मुलाकात कर सांत्वना दी। बिना किसी से कोई बातचीत किए वह पीड़ित परिवार को साथ लेकर कमरे में चली गईं, जहां पर उन्होंने परिवारीजन से बातचीत की। इसके पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट के जरिये संवेदना और सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और बालिका की मृत्यु को अति दुखद बताया है। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हए कहा कि सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि मैं पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाता हैं कि हम दोषियों को नहीं बख्शेंगे, उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलवाएंगे। सीएम के निर्देश के बाद उन्नाव जिले के प्रभारी मंत्री कमल रानी वरुण और श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को दिवंगत पीड़िता के परिवारीजन से मुलाकात करेंगे ! दुष्कर्म पीड़िता के भाई ने पांचों आरोपितों को मौत की सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे कम वह कुछ भी नहीं चाहते। दुष्कर्म पीड़िता का दिल्ली में पोस्टमार्टम चल रहा है इसके बाद उसके पार्थिव शरीर को उन्नाव लाया जाएगा तथा यहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा।